मेंहदावल में गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता तबाह हो रहे है। जिसकी बानगी मंगलवार को देखने को मिलीं। कस्बे के शिवांशु गैस एजेंसी पर सिलेंडर नहीं आया तो उपभोक्ताओं की भीड़ आक्रामक हो गई।
गैस एजेंसी का घेराव करने के साथ ही मेंहदावल खलीलाबाद सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को जाम से मुक्त कराया।
मेंहदावल नगर पंचायत में स्थित शिवांशु गैस सर्विस पर मंगलवार को गैस सिलेंडर के वाहन नहीं पहुंचे। जबकि सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ गैस एजेंसी पर एकत्रित थी। करीब सुबह 8.30 बजे उपभोक्ताओं की भारी भीड़ को जब यह सूचना एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा मिली कि आज वहां सिलेंडर लेकर नहीं आएगा तो वह भड़क उठे।
गैस एजेंसी कार्यालय का घेराव कर कर्मचारियों पर नाराज हो उठे। उसके बाद उपभोक्ता आक्रोशित होकर गैस एजेंसी के सामने मेंहदावल खलीलाबाद सड़क जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच इंडियन गैस एजेंसी की गाड़ी पहुंच गई तो उपभोक्ता विवाद पर उतारू हो गए।
मामले की जानकारी मेंहदावल पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने आक्रोशित उपभोक्ताओं को समझाने बुझाने में जुट गए। लगभग आधे घंटे बाद उपभोक्ता इस शर्त पर माने की हर हालत में उन्हें गैस सिलेंडर बुधवार तक उपलब्ध कराया जाए।
गैस एजेंसी के कर्मचारी तथा पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। सड़क जाम होने से मौके पर अफरा तफरी मच गया। आने जाने वाले वाहनों को परेशानी होने लगी। लंबी कतारे लग गई। सड़क जाम खत्म होने के बाद वाहनों का आना-जाना शुरू हो पाया तब लोगों ने राहत की सांस ली।


