सिंगरौली जिले के विन्ध्यनगर हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए विन्ध्यनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का सामान, दान पेटी के सिक्के, मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त औजार समेत करीब दो लाख रुपये का माल बरामद किया है। अभी एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के कुशल निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2026 को ग्रीनहाट कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी संदीप कुमार मिश्रा ने थाना विन्ध्यनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और भगवान हनुमानजी का चांदी का गदा, चांदी का मुकुट तथा दान पेटी चोरी कर ली। अगले दिन सुबह जब मंदिर खोला गया, तो दान पेटी बाउंड्री के बाहर टूटी हुई मिली और उसमें रखा नकद गायब था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्धों से पूछताछ तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
आरोपियों का भंडाफोड़:- जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गहिलगढ़ के कुछ युवक चांदी का सामान बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही संजय शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथियों संजय वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया चांदी का गदा बैढ़न स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर बेच दिया गया था, जहां उसे गलाकर चांदी का बिस्किट बना दिया गया था। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर वह चांदी का बिस्किट भी बरामद कर लिया।
बरामद हुआ सामान:- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—चांदी के गदा से बना 01 बिस्किट,
01 नग चांदी का मुकुट, दान पेटी के 298 रुपये के सिक्के घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल,
लोहे का सब्बल (औजार) ,
कुल मिलाकर करीब ₹2,00,000 का माल बरामद कर जप्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों:- 1. संजय शाह (25 वर्ष), 2. संजय वर्मा (25 वर्ष), 3. संदीप वर्मा (26 वर्ष)
तीनों निवासी ग्राम गहिलगढ़, थाना विन्ध्यनगर, जिला सिंगरौली को 24 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:- निरीक्षक- अर्चना द्विवेदी, उप निरीक्षक- प्रियंका मिश्रा, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक रमेश प्रजापति, प्रधान आरक्षक मुनेन्द्र राणा, पंकज सिंह, विजय खरे, अरूणेन्द्र पटेल, मनोहर देवड़ा, भोले लोधी और अशोक कुशवाह सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


