‘जजों ने अपनी आत्मा बेच दी है’, इमरान खान ने बुशरा बीबी के साथ अमानवीय बर्ताव का लगाया आरोप

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने पत्नी बुशरा बीबी के साथ अमानवीय बर्ताव किए जाने का आरोप लगाया है। इमरान ने इसके लिए पाकिस्तान की न्यायपालिका को जिम्मेदार बताया है और उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान के जजों ने निजी स्वार्थ के लिए अपनी आत्मा बेच दी है।

इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बताया कि उनकी इमरान से 21 मार्च को मुलाकात हुई थी और इस दौरान इमरान ने उन्हें देश के नाम अपना संदेश साझा करने के लिए कहा था। इस संदेश में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के जजों को खुद पर शर्म आनी चाहिए।

इमरान बोले- मेरी पत्नी को बना रहे निशाना

इमरान ने कहा, ‘हमने बार-बार न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाया है, लेकिन उन्होंने अपनी अंतरात्मा बेच दी है। उउन्होंने अपनी ईमानदारी बेच दी है। वे जानते हैं कि वे मुझे तोड़ नहीं सकते, इसलिए वे मेरी पत्नी को निशाना बना रहे हैं।’

इमरान के मुताबिक, ‘बुशरा बीबी के साथ इस अमानवीय बर्ताव की इजाजत कैसे दे सकते हैं, सिर्फ मुझे ब्लैकमेल करने के लिए? वह दिन के 24 घंटे अकेलेपन में बिताती हैं, सिवाय हफ्ते में 30 मिनट के जो वह मेरे साथ बिताती हैं और अक्सर उस समय को भी नजरअंदाज कर दिया जाता है।’

बता दें कि इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें रावलपिंडी की हाई-सिक्योरिटी वाली अदियाला जेल में रखा गया है। इमरान का आंखों का इलाज चल रहा है। उनकी पार्टी ने इस इलाज पर भी सवाल उठाए हैं, क्योंकि यह उनके परिवार और निजी डॉक्टरों की गैर-मौजूदगी में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *