114वें बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में चल रहा तीन दिवसीय समारोह आज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। समापन समारोह में राज्यपाल की मौजूदगी के साथ प्रसिद्ध गायक पापोन अपनी प्रस्तुति से शाम को खास बनाएंगे।
तीसरे दिन भी उमड़ रही भारी भीड़
कार्यक्रम के तीसरे दिन भी गांधी मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
पहले दो दिनों की तरह ही आज भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। समापन समारोह को भव्य बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
पापोन के सूफियाना सुरों का इंतजार
सूफियाना अंदाज और भावपूर्ण गायकी के लिए मशहूर पापोन की प्रस्तुति का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
उनके गानों पर श्रोता झूमते नजर आएंगे और समापन समारोह को यादगार बनाने में उनकी अहम भूमिका होगी।
शास्त्रीय नृत्य का भी विशेष आकर्षण
श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में शास्त्रीय नृत्य प्रेमियों के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इसमें डॉ. एन. विजायलक्ष्मी द्वारा भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी जा रही है, जो कला और संस्कृति का अनूठा संगम पेश कर रही है।
दूसरे दिन शान ने बांधा था समां
समारोह के दूसरे दिन मशहूर गायक शान ने अपने गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘मैं हूं डॉन’ और ‘चांद सिफारिश’ जैसे गानों पर लोग देर तक झूमते रहे और कार्यक्रम में जोश का माहौल बना रहा।
स्टॉल्स में दिखीं विकास योजनाएं
कार्यक्रम स्थल पर बिहार सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां विकास योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
इन स्टॉल्स के जरिए लोगों को सरकारी कार्यों की जानकारी दी जा रही है।
निशांत कुमार ने भी लिया जायजा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण कर योजनाओं की सराहना की और लोगों से इन्हें देखने की अपील की।


