चंडीगढ़ में आयोजित 5वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीतकर लौट रहे भिवानी के अंतरराष्ट्रीय एथलीट की शताब्दी ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई।
उनका शव रविवार रात को राठधना और नरेला स्टेशन के बीच सफियाबाद फाटक के पास मिला। जीआरपी ने सोमवार को शव की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम करवा स्वजनों को सौंप दिया। स्वजनों ने धक्का देने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मास्टर्स गेम्स फेडरेशन द्वारा 20 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में 5वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स का आयोजन किया गया। भिवानी के हालू बाजार के रहने वाले फूल कुंवार (70), जो रेलवे में मुख्य टिकट निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं, इस प्रतियोगिता में भाग लेने गए थे।
पोल वॉल्ट और हैमर थ्रो में जीता था स्वर्ण
उन्होंने पोल वॉल्ट व हैमर थ्रो में स्वर्ण तथा शाॅटपुट में रजत पदक जीता था। प्रतियोगिता के बाद वह रविवार शाम को चंडीगढ़ से गाड़ी संख्या 12012 कालका-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन के नई दिल्ली पहुंचने पर अन्य साथी उतर गए, लेकिन वह नहीं उतरे, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई।
वहीं जीआरपी को रविवार रात सूचना मिली थी कि डाउन ट्रैक पर सफियादाबाद फाटक के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया। शव की पहचान सोमवार सुबह स्वजनों के आने के बाद हुई।
साथियों से कही थी वाॅशरूम जाने की बात
ट्रेन में सवार अन्य साथी खिलाड़ियों का कहना है कि ट्रेन जब सोनीपत से निकली, तब फूल कुंवार वाशरूम जाने की बात कहकर गए थे, लेकिन वापस नहीं आए। ट्रेन के दिल्ली पहुंचने पर साथियों ने उनका बैग ट्रेन से उतारा, उसी में उनका फोन भी था। साथी खिलाड़ी उनके उतरने का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं उतरे। जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की।


