चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अब पहले से अधिक विमान खड़े हो सकेंगे। यहां एक और टैक्सीवे सोमवार से शुरू हो गया। इस तरह टैक्सीवे की कुल संख्या सात से बढ़कर आठ हो गई है। अब विमानों की होल्डिंग क्षमता बढ़ सकेगी। एक समय में पहले से अधिक विमान ऑपरेशन के लिए तैयार हो सकेंगे।
लखनऊ एयरपोर्ट पर पतिदिन 110 से 116 उड़ानों का ऑपरेशन होता है। इसमें सुबह छह से नौ और दोपहर एक से शाम चार बजे तक पीक समय में अधिक विमानों का संचालन होता है। प्रतिदिन लखनऊ एयरपोर्ट से लगभग 17 हजार यात्री सफर करते हैं। सालाना 17 प्रतिशत वृद्धि लखनऊ एयरपोर्ट पर दर्ज की जा रही है।
लखनऊ एयरपोर्ट पर टैक्सीवे की संख्या उसकी मौजूदा क्षमता के अनुसार कम है। विशेषकर इनवेस्टर्स समिट सहित कई बड़े आयोजनाें में निजी चार्टर और विमानाें से आने वाले अतिथियों के लिए भी स्थान उपलब्ध करा पाना चुनौती रहता है।
सामान्य दिनों में भी एक साथ कई विमानों के आने के बाद टैक्सीवे की कमी से उनकाे होल्ड करना मुश्किल होता है। इसे देखते हुए लखनऊ एयरपोर्ट प्रबंधन तेजी से होल्डिंग क्षमता को बढ़ा रहा है। यहां पहले पांच ही टैक्सीवे थे।
दो नए टैक्सीवे पी1 और एल का उद्घाटन इसी वर्ष की शुरुआत में किया गया था। अब टैक्सीवे नंबर पी3 का निर्माण करते एयरपोर्ट के सीएओ दर्शन सिंह ने पूजन कर इसे भी शुरू कर दिया गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक यह महत्वपूर्ण विकास परिचालन दक्षता को बढ़ाएगा।


