रविवार को हांगकांग से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA32 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद 60 साल की एक महिला यात्री की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला की मौत के बाद से उसके शव को 13.5 घंटे की बाकी यात्रा के दौरान विमान के पिछले हिस्से में रखा गया।
फॉक्स न्यूज के अनुसार, एयरबस A350-1000 के हांगकांग से उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही महिला की मौत हो गई। मौत के बावजूद, पायलटों ने हांगकांग लौटने या रास्ता बदलने के बजाय हीथ्रो एयरपोर्ट तक का सफर जारी रखने का फैसला किया, क्योंकि पैसेंजर की मौत को आम तौर पर मेडिकल इमरजेंसी नहीं माना जाता है।
शव को लपेटकर विमान के पीछे वाले हिस्से में रखा गया
क्रू मेंबर्स ने शुरू में महिला के शव को टॉयलेट में रखने के बारे में सोचा, लेकिन इस विकल्प को सही नहीं माना गया। इसके बजाय, शव को लपेटकर पीछे की गैली में ले जाया गया। एक सूत्र ने कहा, “जाहिर है उस महिला का परिवार बहुत परेशान था और क्रू भी। कई लोग हांगकांग वापस लौटना चाहते थे। लेकिन, साफ-साफ कहें तो अगर किसी यात्री की पहले ही मौत हो चुकी हो तो उसे आपात स्थिति नहीं माना जाता।”
यात्रियों ने की दुर्गंध आने की शिकायत
हालांकि, बताया जाता है कि स्टाफ ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि गैली का फर्श गर्म था। कथित तौर पर, इस गर्मी के कारण एक गंध पैदा हुई, जो उड़ान के आगे बढ़ने के साथ-साथ केबिन के पिछले हिस्से में फैल गई। जैसे ही विमान लंदन के करीब पहुंचा, 331 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से कई ने विमान के उस हिस्से से एक दुर्गंध आने की शिकायत की।
ब्रटिश एयरवेज ने क्या कहा?
लैंडिंग के बाद पुलिस विमान में चढ़ी और सभी यात्रियों को लगभग 45 मिनट तक अपनी सीटों पर बैठे रहने को कहा। ब्रिटिश एयरवेज ने कहा कि इस घटना के दौरान सभी प्रक्रियाओं का सही ढंग से पालन किया गया। एयरलाइंस ने बताया, “दुख की बात है कि विमान में सवार एक यात्री का निधन हो गया और इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। हम अपने क्रू का सहयोग कर रहे हैं और सभी प्रक्रियाओं का सही ढंग से पालन किया गया।”


