नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जल्द शुरू होगा QR कोड से एंट्री का सिस्टम, AI कैमरों से होगी कोने-कोने की निगरानी

देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जल्द ही QR Code आधारित एंट्री मैनेजमेंट सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।

यह व्यवस्था कुछ हद तक मेट्रो स्टेशनों की तरह होगी, जिससे स्टेशन पर केवल वेरिफाइड यात्रियों की ही एंट्री सुनिश्चित की जा सकेगी।इसके साथ ही स्टेशन परिसर में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित निगरानी प्रणाली भी लागू की जाएगी।

इसके तहत कैमरों के जरिये स्टेशन के हर हिस्से जैसे प्लेटफॉर्म, कॉनकोर्स, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट और ऐसे स्थान जहां से अनधिकृत प्रवेश की आशंका रहती है, वहां नजर रखी जाएगी।

एआई से मिलेगी संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी

स्टेशन पर एक एक्सेप्शन इवेंट डिस्प्ले आधारित कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। यहां एआई तकनीक के माध्यम से लाइव कैमरा फीड का विश्लेषण किया जाएगा। यदि किसी भी प्रकार की असामान्य या असुरक्षित गतिविधि दिखाई देती है तो निगरानी कर रहे कर्मचारियों को तुरंत अलर्ट मिल जाएगा।

रेल मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की

इन सुधारों का निर्णय एक बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। बैठक में स्टेशन तक पहुंच, यात्री सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा से जुड़े उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *