लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज में महिला और बच्चों के उपचार की सुविधाएं बेहतर होंगी। साथ ही मेडिकल छात्रों के पठन-पाठन की सुविधाएं भी बढ़ेंगी। शासन ने मेडिकल काॅलेज के दो प्रस्तावों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिसके तहत मेडिकल परिसर में 100 बेड का एमसीएच (मैटेरनल एंड चाइल्ड) ब्लाक और न्यू एकेडमिक भवन बनाया जाएगा।
लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने बताया कि महिला और बच्चों के उपचार के लिए अभी पुराने अस्पताल में ही सुविधा है। बढ़ती मरीजों की संख्या के अनुसार यह सुविधाएं कम पड़ रहीं थीं। जिसे देखते हुए नया एमसीएच ब्लाक के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन ने पांच मंजिला भवन बनाने की स्वीकृति दे दी है।
34.8 लाख से इसका निर्माण होगा। इसमें गायनी और पीडियाट्रिक दो विभागों का संचालन होगा। एनआइसीयू और पीआइसीयू जो अभी पुराने अस्पताल में संचालित होता है, उसे एमसीएच ब्लाक में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त लेबर रूम का संचालन होगा। इससे गंभीर रूप से बीमार महिला, गर्भवती और नवजात शिशु से लेकर बड़े बच्चों का उपचार बेहतर होगा।
तीन विभाग नए भवन में होंगे संचालित
न्यू एकेडमिक भवन बनने से मेडिकल काॅलेज में छात्रों के पठन-पाठन की सुविधाएं बढ़ेंगी। खासतौर पर बायोकेमेस्ट्री, फोरेंसिक मेडिसिन और कम्युनिटी मेडिसिन विभाग नए भवन में शिफ्ट होंगे। ये विभाग पुराने भवन में संचालित हैं, लेकिन जगह कम होने से परेशानी होती है।
127 नर्सों की नई नियुक्ति
मेडिकल कालेज को 127 नर्सिंग स्टाफ और मिल गया है। रविवार 22 मार्च को नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम रखा गया है। मुख्यमंत्री लखनऊ से नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे और स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधि मेडिकल कालेज में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र देंंगे।
अभी तक मेडिकल कालेज में 207 नर्सिंग स्टाफ तैनात है, नई नियुक्तियों के बाद इनकी संख्या 334 हो जाएगी। प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने कहा कि इससे मरीजों की देखभाल बेहतर हो सकेगी।


