सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने जलुकबाड़ी से शुरू किया चुनावी सफर, छठी बार भरा नामांकन

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। 2001 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे सरमा ने लगातार छठी बार यहां से नामांकन दाखिल किया है।

नामांकन के दौरान सरमा के साथ उनकी पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा, बेटा नंदिल बिस्वा सरमा और गुवाहाटी से भाजपा की सांसद बिजुली कालिता मेधी मौजूद थीं।

हिमंता की पत्नी और बेटे ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों को उनका समर्थन करते देख वे बहुत खुश हैं। रिनिकी भुयान ने कहा यह हमारे लिए बहुत खुशी का पल है।

नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री ने एक वाहन पर सवार होकर खानापारा क्षेत्र के वेटरिनरी फील्ड से लगभग 5.6 किलोमीटर दूर कामरूप जिला निर्वाचन कार्यालय तक रैली निकाली जहां उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन दाखिल करने से पहले मुख्यमंत्री ने अपनी मां मृणालिनी देवी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि शुभ काम की शुरुआत हमेशा मां के आशीर्वाद से होनी चाहिए। इन दिनों मैं उनके साथ अधिक समय नहीं बिता पाता, लेकिन उनका आशीर्वाद मुझे ‘आई असोमी’ (मां असम) की सेवा जारी रखने की शक्ति देता है।

नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सरमा ने लोगों से उनका और भाजपा व उसके दो सहयोगी दलों असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के सभी उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन के दौरान उनके निर्वाचन क्षेत्र में कुछ नए इलाके जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि इन इलाकों के लोगों से जुड़ने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन मुझे भरोसा है कि वे मुझे आशीर्वाद और समर्थन देंगे।

सरमा ने कहा कि वह अपने क्षेत्र में प्रचार के लिए ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे, क्योंकि उन्हें अन्य सीटों पर भी प्रचार के लिए जाना होगा। उन्होंने कहा कि मेरे क्षेत्र में प्रचार की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ता संभालेंगे। मैं भी कोशिश करूंगा कि प्रचार के लिए जाऊं और रिनिकी (उनकी पत्नी) भी कुछ जगहों पर जाएंगी।

उन्होंने बताया कि वह रोजाना पांच से छह सभाओं को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय नेताओं के प्रचार को लेकर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा तीन सभाओं को संबोधित किए जाने की संभावना है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह से आठ सभाएं करेंगे।

अखिल गोगोई ने शिवसागर सीट से नामांकन दाखिल किया

रायजोर दल के अध्यक्ष और विधायक अखिल गोगोई ने पूर्वी असम जिले के शिवसागर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। वे कांग्रेस सहित छह दलों के विपक्षी गठबंधन का हिस्सा हैं। नामांकन दाखिल करने से पहले समर्थकों के जुलूस का नेतृत्व करते हुए गोगोई ने शहर के ऐतिहासिक शिवडोल मंदिर में मत्था टेका।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नई सड़कों और बुनियादी ढांचे के निर्माण से लेकर विरासत संरक्षण तक मैंने पिछले पांच वर्षों में अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के लिए काम किया है। मैं एक बार फिर उनकी सेवा जारी रखने के लिए उनका समर्थन चाहता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *