नवरात्रि में नौकरीपेशा वर्ग को सुविधा, नोएडा के सब रजिस्ट्रार कार्यालय रविवार को भी खुले रहेंगे; करा सकेंगे रजिस्ट्रियां

घर और प्रापर्टी नवरात्रि में खरीदना शुभ माना जाता है। इन दिनों में रजिस्ट्रियां अधिक होतीं हैं। इसी को देखते हुए कल (रविवार) को जिले के सब रजिस्ट्रार कार्यालय खुलेंगे। 300 से अधिक रजिस्ट्री होने का अनुमान है। गौतमबुद्ध नगर में औसतन यह रजिस्ट्रियां सामान्य कामगाज वाले दिनों में होती हैं।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में छह सब-रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। इनमें नोएडा में तीन और ग्रेटर नोएडा, दादरी व जेवर में एक-एक कार्यालय शामिल हैं। नवरात्रि के इस रविवार को यह कार्यालय खुलेंगे। इससे कामकाजी वर्ग को बड़ी सुविधा मिलेगी।

नवरात्रि जैसे शुभ अवसरों पर रजिस्ट्री कराने वालों की संख्या और बढ़ जाती है। बीते वर्ष नवरात्रि के दौरान रजिस्ट्री में 20-30 फीसदी का उछाल देखा गया है। लोग मानते हैं कि इस समय संपत्ति खरीदना शुभ होता है।

लेकिन पहले रविवार को दफ्तर बंद रहने से कई लोग या तो मुहूर्त छोड़ देते या फिर छुट्टी लेकर आते थे। दस्तावेज चेकिंग, स्टांप ड्यूटी जमा, आनलाइन अपाइंटमेंट और डीड साइनिंग सामान्य दिनों की तरह ही होंगे।

एआईजी निबंधन अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि इस रविवार को दफ्तर खोलने के लिए निर्देश मिल चुके हैं। लिखित आदेश का इंतजार है। लोग नवरात्रि में अधिक प्रापर्टी खरीदते हैं या पूर्व में खरीदी गई प्रापर्टी की रजिस्ट्री नवरात्रि में कराते हैं। इसी वजह से यह निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *