हजारीबाग में परीक्षा देने जा रहे छात्रों की मिनी बस डिवाइडर से टकराई, बाइक सवार की मौत, 3 की हालत गंभीर
बरही थाना अंतर्गत पंचमाधव स्थित जीटी रोड पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों से भरी एक मिनी बस ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद अनियंत्रित बस डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिनी बस में सवार पांच परीक्षार्थी घायल हो गए। मृतक की पहचान बरकट्ठा थाना क्षेत्र के चेचकपी गांव के 55 वर्षीय निवासी जयप्रकाश मेहता (पिता–ननक मेहता) के रूप में की गई है। बताया गया कि वह अपने गांव चेचकपी से बाइक पर सवार होकर अपने नए घर रोमी जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
इलाज के दौरान अफरा-तफरी का माहौल
मिली जानकारी के अनुसार, सभी घायल परीक्षार्थी डॉ. भीमराव अंबेडकर पब्लिक स्कूल, मलकोको के छात्र हैं, जो मिनी बस से मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज, पदमा स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, बरही में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घायलों में खालिद राजा (16) (पिता–अब्दुल कुदुस), जावेद अख्तर (16) (पिता–मो. जब्बार), फरहान राजा (17) (पिता–हाशिम अंसारी), इलियास आलम (15) (पिता–कलीम अंसारी) व अमन पासवान (16) (पिता–सकलदेव पासवान) शामिल हैं।
तीन छात्रों की हालत गंभीर
इनमें से तीन छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है, हालांकि चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्र खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बरही बीडीओ जयपाल महतो, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, अनुमंडलीय अस्पताल के डीएस डॉ. प्रकाश ज्ञानी सहित कई समाजसेवी व जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की व्यवस्था में सहयोग किया।
सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर कुमार और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


