शिमला के मशोबरा क्षेत्र के तारापुर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान के बेटे पर कार सवार लोगों ने हमला कर दिया। नरेश चौहान का बेटा आरव होटल से लौट रहा था, तभी कुल्लू नंबर की एक कार उसके पास आकर रुकी और कार सवार एक व्यक्ति ने उसे धमकाया।
इसी दौरान वाहन से उतरे दूसरे व्यक्ति ने उस पर रॉड से हमला करने का प्रयास किया। आरव ने बताया कि आरोपियों के पास घातक हथियार भी थे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है। पुलिस विभाग के उच्च अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। देर शाम तक डीजीपी समेत पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।


