दिल्ली-दून हाईवे पर 20 युवकों ने एक कार सवार को घेरा, लाठी-डंडों से पीटा; गाड़ी के शीशे तोड़े

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बुधवार को कुछ दबंगों ने जमकर दबंगई दिखाई। कई बाइक व बुलेट सवार लगभग 20 युवकों ने एक कार सवार युवक को घेरकर उसकी गाड़ी पर हमला करते हुए डंडों से मारपीट की, जिससे उसकी गाड़ी का शीशा टूट गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्रसारित वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार युवक कार को ओवरटेक कर उसे रोकने का प्रयास करते हैं। इस दौरान कार चालक किसी परिचित से फोन पर बात करते हुए कह रहा है कि यहां बुलेट और बाईकों पर सवार करीब 20 लड़के हैं, जो उसका पीछा कर रहे हैं।

इसी बीच कुछ युवक हाथों में डंडे लेकर कार के पीछे दौड़ते नजर आते हैं। आरोप है कि उन्होंने गाड़ी के शीशे और बाडी पर हमला कर तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट भी की। हमलावर युवक गाली-गलौज करते हुए खुलेआम हाईवे पर उत्पात मचा रहे थे।

बाइक पर सवार कुछ युवकों के पास हथियार जैसे डंडे भी दिखाई दिए, जिससे राहगीरों में भय का माहौल बन गया। घटना के दौरान दिल्ली दून हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती गुंडागर्दी पर चिंता जताते हुए पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रसारित वीडियो की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने पर आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *