सील सहारा शहर से लग्जरी घड़ियां, सोना-चांदी समेत करोड़ों का माल चोरी, STF ने 6 को पकड़ा

नगर निगम द्वारा सील किए गए सहारा शहर से करोड़ों रुपये का महंगा सामान पार कर दिया गया।

एसटीएफ ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए छह शातिर चोरों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में राडो समेत अन्य कंपनी की लग्जरी घड़ियां, सोना-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रानिक सामान और आटोमैटिक पिस्टल बरामद किए हैं।

इस पूरे मामले में नगर निगम की लापरवाही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि सीलिंग के बाद परिसर की सुरक्षा क्यों सुनिश्चित नहीं की गई।

एसटीएफ के एएसपी अमित कुमार नागर के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में हरदोई, बहराइच और लखनऊ के छह युवक शामिल हैं। सूचना मिली थी कि सहारा शहर में चोरी करने वाला गिरोह सामान लेकर भागने की फिराक में है।

सील शहर में हुई चोरी

इस पर टीम ने सुरक्षा अधिकारी को साथ लेकर घेराबंदी की और सभी आरोपितों को सहारा पुल के नीचे से दबोच लिया। आरोपितों के पास से32 बोर की दो सेमी-आटोमेटिक पिस्टल, पांच कारतूस, गिरार्ड-पेरेगाक्स, राडो, पाको रैबेन, टेक्नोमारिन, टाइटन समेत कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के जेवरात, दो कैमरे, दो एलसीडी टीवी, 878 कैसिनो काइन, पांच मोबाइल फोन, एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया।

इसके अलावा करीब एक किलो चांदी की पीकदान, 500 ग्राम चांदी की सात सिंदूर दानियां, सोने की चेन, टप्स और बालियां भी मिली हैं। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ की तहरीर पर गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपितों को जेल भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *