जेयूटी रांची के 137 डिप्लोमा छात्रों का हुआ चयन, लूमैक्स ऑटो टेक्नोलॉजीज में मिला रोजगार

 झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलाजी (जेयूटी) रांची में लूमैक्स ऑटो टेक्नोलाजीज लिमिटेड बेंगलुरु द्वारा इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल शाखा के 137 डिप्लोमा इंजीनियरिंग विद्यार्थियों का चयन किया गया।

जेयूटी रांची के अंतर्गत संचालित संबद्ध इंजीनियरिंग कालेजों के डिप्लोमा इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए कैंपस चयन प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। कैंपस चयन अभियान में लूमैक्स आटो टेक्नोलाजीज लिमिटेड बेंगलुरु द्वारा इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिकल शाखा के 137 डिप्लोमा इंजीनियरिंग विद्यार्थियों का चयन किया गया।

चयनित विद्यार्थी वर्तमान में डिप्लोमा इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर के छात्र हैं और वे अपनी अनिवार्य औद्योगिक प्रशिक्षण अब संबंधित कंपनी में आन-द-जाब ट्रेनिंग के रूप में ही पूरा करेंगे। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक औद्योगिक अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता और रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। यह उपलब्धि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम के कारण संभव हो पाई है।

यूनिवर्सिटी द्वारा तकनीकी शिक्षा को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। जेयूटी रांची के कुलपति डा. डीके सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा को उद्योग से जोड़ना, विद्यार्थियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना तथा उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।

इस प्रकार के कैंपस चयन कार्यक्रम छात्रों के भविष्य को मजबूत बनाने के साथ-साथ राज्य के तकनीकी मानव संसाधन को भी सशक्त करते हैं। कुलपति ने इस सफल आयोजन के लिए यूनिवर्सिटी की ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट टीम, संबद्ध कालेजों के प्राचार्यों, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारियों तथा संबंधित उद्योग के प्रतिनिधियों के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *