हिमाचल प्रदेश में पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। राज्य सरकार ने प्रदेश में कुल 3773 पंचायतों को अंतिम रूप से अधिसूचित कर दिया है। इस बार पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में 3773 प्रधान और 3773 उपप्रधान चुने जाएंगे। पंचायती राज विभाग ने 64 नई पंचायतों को भी अधिसूचित किया है। पंचायती राज संस्थाओं की त्रिस्तरीय प्रणाली के तहत पंचायतों, 91 पंचायत समितियों और 12 जिला परिषद प्रतिनिधियों के चुनाव 31 मई से पूर्व संपन्न होने हैं।
पंचायती राज विभाग ने सभी उपायुक्तों को 25 मार्च से पूर्व परिसीमन प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने 30 मार्च से पूर्व आरक्षण रोस्टर जारी करने और चुनावी प्रक्रिया को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
46 पंचायतों का विलय हुआ
पिछले पंचायत चुनावों में प्रदेश में 3615 पंचायतें थीं, जिनके प्रतिनिधियों का चुनाव हुआ था। इसके बाद कई नए नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों का गठन किया गया, जिसके कारण 46 पंचायतों का विलय हुआ।
200 नई पंचायतों का गठन
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सुविधा और जनसंख्या के आधार पर पांच चरणों में 200 नई पंचायतों का गठन किया गया है। पंचायतों के पुनर्गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पंचायत स्तर पर आसानी से मिल सकेगा।
पांच चरणों में बनी नई पंचायतें
- चरण नई पंचायतें
- पहला 4
- दूसरा 4
- तीसरा 39
- चौथा 89
- पांचवां 64
- कुल 200


