पंजाब सरकार ने राज्य को फिल्म निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने के उद्देश्य से पंजाब फिल्म प्रमोशन नीति 2026 लागू की है। प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 के दौरान मोहाली की प्लाक्षा यूनिवर्सिटी में आयोजित मीडिया और मनोरंजन सत्र में इस नीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि नई नीति के जरिए फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने और शूटिंग प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब की नकारात्मक छवि दिखाने का दौर खत्म हो चुका है और राज्य सरकार फिल्म उद्योग को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है।
उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए सरकार त्वरित कार्रवाई करेगी और जल्द ही इसके लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। पंजाब में दो अंतरराष्ट्रीय और चार घरेलू हवाई अड्डे हैं, जिससे दुनियाभर में बसे पंजाबी आसानी से यहां आ सकते हैं।
फिल्मों, डाक्यूमेंट्री और वेब सीरीज के निर्माण पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी देंगे: अमित ढाका
इनवेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका ने बताया कि नई नीति के तहत फिल्मों, डाक्यूमेंट्री और वेब सीरीज के निर्माण खर्च पर 25 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा तीन करोड़ रुपये तय की गई है।
वहीं, पंजाबी भाषा की फिल्मों के लिए निर्माण लागत पर 30 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी, जो अधिकतम 3.5 करोड़ रुपये तक होगी। उन्होंने बताया कि फिल्म सिटी, फिल्म स्टूडियो, वीएफएक्स स्टूडियो और प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने के लिए भी 20 प्रतिशत पूंजीगत सब्सिडी का प्रविधान किया गया है। सरकार मोहाली में फिल्म सिटी विकसित करने और फिल्म निर्माण से जुड़े कौशल विकास को बढ़ावा देने पर भी काम कर रही है।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव रामवीर ने कहा कि पंजाब की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने में मीडिया और फिल्म उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पंजाबी सिनेमा और संगीत का प्रभाव वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ रहा है।


