बेसिक स्कूलों में वार्षिक परीक्षाएं शुरू, कक्षा दो-तीन में 50% मौखिक व चार-पांच में 70% लिखित परीक्षा होगी

 जनपद के सभी परिषदीय स्कूलों में सोमवार से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहली कक्षा के विद्यार्थी मौखिक परीक्षा दे रहे हैं जबकि छह, सात और आठ के विद्यार्थी सभी विषयों में लिखित परीक्षा देंगे। कक्षा दो, तीन, चार और पांच में कुछ विषयों की मौखिक तो कुछ की लिखित परीक्षा कराई जा रही हैं। परीक्षा की सुचिता पर विभाग का विशेष जोर है।

20 मार्च को समाप्त होंगी परीक्षाएं

इस बार परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी। हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विषय, पर्यावरणीय शिक्षा, खेल व शारीरिक शिक्षा/ स्काउटिंग, कला/संगीत, संस्कृत/उर्दू, नैतिक शिक्षा, बेसिक क्राफ्ट/कृषि/गृहशिल्प जैसे विषय की परीक्षा कराई जागएी। छात्र छात्राओं को इसके लिए अंक दिए जाएंगे जबकि 11 अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों की भी परीक्षा होगी। इनके लिए विद्यार्थियों को अंक की जगह श्रेणी दी जाएगी।

नेतृत्व क्षमता का भी मूल्यांकन की श्रेणी

इसमें छात्रों के नियमित एवं समयबद्धता, अनुशासन व शिष्टाचार, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई, प्रार्थना सभा में प्रतिभाग जैसे बिंदु पर मूल्यांकन होगा। देखा जाएगा कि छात्र ने वर्षभर किस तरह का रवैया अपनाया है। मध्याह्न भोजन में व्यवहार, खेलों में प्रतिभाग, सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभाग, रचनात्मक कौशल, चित्रकला/संगीत/कार्यानुभव के साथ अन्य रुझानों को भी देखा जाएगा। नेतृत्व क्षमता, सहयोगी की भावना का भी मूल्यांकन कर अंकपत्र में श्रेणी अंकित की जाएगी। वर्षभर में छात्र की उपस्थिति क्या रही उसे भी प्रमुखता से लिखा जाएगा। स्कूल स्तर पर शत प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थी सम्मानित भी किए जाएंगे।

दो पालियों में परीक्षा : बीएसए

बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार से शुरू हो रही परीक्षा 20 मार्च तक चलेगी। यह दो पालियों में होगी। कक्षा एक के लिए मौखिक और कक्षा दो से आठ तक के लिए लिखित व मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक। दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक रहेगी। कक्षा दो व तीन में 50 प्रतिशत परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा चार व पांच में 70 प्रतिशत लिखित परीक्षा होगी जबकि 30 प्रतिशत मौखिक परीक्षा के अंक जोड़े जाएंगे। कक्षा छह से आठ तक सभी विषयों की लिखित परीक्षा होगी। पूर्णांक पचास अंक का रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *