मुरादाबाद। मूंढ़ापांडे में ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में सोमवार सुबह पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में हल्द्वानी निवासी चार दोस्तों की मौत हो गई। वहीं, कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पांचों दोस्त दिल्ली जा रहे थे।
सोमवार को पांचों दिल्ली के लिए घर से निकले थे
हल्द्वानी के आरटीओ निवासी दयाल सिंह, भुवन भंडारी, सुंदर सिंह, अनिल नेगी, और यशदीप दोस्त थे। पांचों दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। दो दिन पहले हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। सोमवार को पांचों कार में सवार होकर सुबह पांच बजे दिल्ली के लिए घर से निकले थे।
मूंढ़ापांडे में आगे चल रही ट्रैक्टर में घुसी कार
मूंढ़ापांडे के मनकरा मोड़ पर कार आगे चल रही ईंट से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया गया। यहां चिकित्सक ने भुवन भंडारी, सुंदर सिंह, अनिल नेगी को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार चला रहे यशदीप की भी हालत गंभीर बनी हुई है।


