पिता के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला पुत्र ने… पिता ने बस इतना भर कहा था

 शराब पीकर घर आए बेटे को टोकना एक पिता के लिए भारी पड़ गया। उसने ईंट से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिर गए। इसके बाद आरोपित बेटा घर से भाग गया। पड़ोसियों ने देखा तो उन्होंने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान पिता की मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई ने अपने आरोपित भतीजे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

पुलिस ने आरोपित अमन को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के मोतिहारी के मूल निवासी 43 वर्षीय राजेश गोस्वामी अपने बड़े बेटे 20 वर्षीय अमन के साथ दस वर्ष से सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में जेल चुंगी चौराहे पर रामलीला ग्राउंड के पास किराए के मकान में रहते थे। राजेश की पत्नी अनीता, छोटा बेटा अंकित, बेटी खुशी और जूली मोतिहारी में ही रहते हैं। राजेश का जेल चुंगी पर ही कबाड़ी का काम था।

किला रोड पर यादगारपुर पुलिस चौकी के पास राजेश की बहन मंजू, मां कांति और दिव्यांग छोटा भाई राजू रहता है। बताया जा रहा है कि राजेश और अमन दोनों ही शराब पीने के आदी थे। शुक्रवार रात को अमन नशे में धुत होकर घर पर पहुंचा तो राजेश ने उसे डांट दिया। इसे लेकर पिता-पुत्र में विवाद हो गया। रात करीब 12 बजे दोनों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अमन ने राजेश पर ईंट से सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। खून से लथपथ हालत में राजेश जमीन पर गिर पड़े। उसके बाद अमन वहां से भाग गया। पड़ोसियों ने राजेश को जमीन पर पड़ा देखा तो लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती कराया।

सूचना पर अस्पताल में परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। शनिवार सुबह पांच बजे राजेश की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सीओ अभिषेक तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे ओर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दोपहर में राजेश के छोटे भाई राजू ने अमन के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कराया।

हत्या में प्रयोग की गई ईंट भी बरामद कर ली गई
शराब पीकर आने के बाद टोकने पर बेटे ने पिता को ईंट से प्रहार कर मार डाला। आरोपित अमन के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयोग की गई ईंट भी बरामद कर ली गई है। अभिषेक तिवारी, सीओ सिविल लाइंस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *