भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरो–बिहटा हाईवे पर तिवारीडीह ओवरब्रिज के समीप शनिवार की रात कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।
जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पीरो अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आरा सदर अस्पताल भेजा गया।
आरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पांचों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
दो युवकों की मौत
मृतकों में शाहपुर थाना क्षेत्र के गौड़ाढ़ गांव निवासी सुशील भट्ट के 27 वर्षीय पुत्र मनीष भट्ट और तरारी थाना क्षेत्र के बकसांडा गांव निवासी प्रियरंजन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र लव कुमार शामिल हैं। मनीष के पिता सुशील भट्ट रेलवे से टेक्नीशियन–वन पद से सेवानिवृत्त हैं।
पांच युवक घायल
वहीं, घायलों में तरारी थाना क्षेत्र के बगसांडा गांव निवासी ददन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र राजू कुमार, अशोक शर्मा के 22 वर्षीय पुत्र सोनू शर्मा, जनार्दन सिंह के 22 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार, सतेंद्र सिंह के 21 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार एवं श्याम बिहारी शर्मा के 23 वर्षीय पुत्र हरी ओम शर्मा शामिल हैं।


