सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा में: भाजपा-संघ समन्वय बैठक में 2027 चुनाव पर मंथन

 प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह 10:10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे अमर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए रवाना हो रहे हैं।

दोपहर 12:45 बजे मुख्यमंत्री सिकंदरा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री शहर में 3:30 घंटे रहेंगे और दोपहर 2:00 बजे आगरा से हेलीकॉप्टर से मथुरा के लिए रवाना होंगे।

भाजपा और संघ की समन्वय बैठक

भाजपा और संघ की समन्वय बैठक ऐसे समय होने जा रही है जब यूजीसी के नए नियमों को लेकर उपजे विवाद ने समाज में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में शामिल होने आए हैं। शनिवार को माल रोड स्थित अमर कन्वेंशन सेंटर में संघ और भाजपा के चुनिंदा पदाधिकारियों को बुलाया गया है। ऐसे में बैठक में पार्टी की आपसी खींचतान और संघ से समन्वय के साथ ही आगामी विधान सभा चुनाव के लिए आपसी सामंजस्य पर भी चर्चा हो सकती है।

ढाई घंटे से अधिक समय चलेगी ये बैठक

मॉल रोड स्थित अमर कन्वेंशन सेंटर में होने वाली समन्वय बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे। वहीं, संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र भी रहेंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होकर ढाई घंटे से अधिक समय तक चलने वाली इस बैठक को विधान सभा चुनाव 2027 की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान फतेहपुर सीकरी सीट पर विरोध के स्वर सामने आए थे।

पिछले चुनाव में बाबूलाल ने किया था विरोध का एलान

पार्टी के विधायक चौ. बाबूलाल ने मंच से विरोध का एलान करते हुए अपने बेटे को निर्दलीय ही मैदान में उतार दिया था। विरोध के स्वरों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेरागढ़ और किरावली में सभाएं की थीं। आगामी विधान सभा चुनाव में पार्टी के बीच किसी भी तरह की खींचतान न हो। इसके लिए अभी से संगठन और संघ के स्तर पर प्रयास शुरू हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *