केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि टीएमसी के शासन में आज राज्य का आज हर तबका परेशान है।
कोलकाता में जूट, हथकरघा और हस्तशिल्प क्षेत्र के अधिकारियों व हितधारकों के साथ एक समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बंगाल की मौजूदा स्थिति का जिक्र करते हुए ममता की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पिछले 15 सालों से राज्य की सत्ता में विराजमान हैं, लेकिन, यहां की दयनीय दशा का अंदाजा महज इसी से लगा सकते हैं कि सूबे में औद्योगिक विकास तीन प्रतिशत से भी कम पर आ चुका है और यहां रहने वाले प्रति व्यक्ति कर्जदार बन गया है।
उन्होंने कहा कि आज की तारीख में प्रदेश के हर गांव में किसान और मजदूर त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है कि क्या किया जाए।
गिरिराज सिंह बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा शुरू की गई परिवर्तन यात्रा में भी शामिल हुए और मेदिनीपुर के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए सिंह ने कहा कि आज से 15 साल पहले टीएमसी का जो व्यक्ति साइकिल से चलता था, आज वो गाडिय़ों से चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न केंद्रीय योजनाओं के लिए बीते वर्षों में 15 लाख करोड़ रुपये केंद्र सरकार ने बंगाल के लिए दिए, जिसे टीएमसी ने पूरी तरह से लूट कर खा लिया।


