पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक सड़क हादसा सामने आया है। उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास हुई इस दुर्घटना में एक 30 वर्षीय युवक दक्ष की जान चली गई।
पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 मार्च दोपहर की है।
यह हादसा तब हुआ जब एक टोयोटा इटियोस कैब सड़क के बाईं ओर खड़ी थी। कार में सवार एक यात्री की तबीयत खराब होने के कारण उसने वॉशरूम जाने के लिए कार का पिछला दायां दरवाजा अचानक खोल दिया।
ठीक उसी समय, पीछे से आ रहा स्कूटी सवार युवक खुले हुए दरवाजे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रही दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस ने उसे कुचल दिया।


