हिमाचल प्रदेश में नगर निगम शिमला की मासिक बैठक में हंगामे पर कृष्णा नगर वार्ड से भाजपा पार्षद बिट्टू पाना को सस्पेंड कर दिया गया। उनके समर्थन में भाजपा ने नगर निगम महापौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं व पार्षदों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और गुंडागर्दी से नगर निगम को चलाने के आरोप लगाए।
भाजपा ने नगर निगम महापौर का पद पर बने रहना गैर कानूनी व असंवैधानिक करार दिया है और कहा कि सुरेंद्र चौहान किस अधिकार और शक्ति से पार्षद को सस्पेंड कर रहे हैं उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने खोला मोर्चा
शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि महापौर गैर कानूनी तरीके से पद पर बने हुए हैं और मासिक बैठक में भाजपा पार्षदों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। भाजपा अपने पार्षदों के साथ खड़ी है और महापौर की मनमर्जी नहीं चलने दी जाएगी।
सुरेंद्र चौहान अब मेयर नहीं, कैसे कर सकते हैं सस्पेंड
वहीं सस्पेंड किए गए पार्षद बिट्टू पाना ने कहा कि महापौर के तौर पर सुरेंद्र चौहान का कार्यकाल पूरा हो चुका है, ऐसे में उन्हें किसी पार्षद को सस्पेंड करने का अधिकार नहीं है क्योंकि वह खुद भी अब पार्षद ही रह गए हैं।
नगर निगम की मासिक बैठक में जब भाजपा पार्षदों ने उनसे पूछा कि वह किस अधिकार से सदन को चला रहे हैं और कार्यकाल बढ़ाने की अधिसूचना कहां है तो उन्होंने भाजपा पार्षदों से बदसलूकी कर दी, जो बर्दाश्त नहीं होगी।


