अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को ईरान पर किए गए हमले और उसके जवाब में ईरानी कार्रवाई के चलते शनिवार को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं बुरी तरह चरमरा गईं।
ईरान के मिसाइली हमलों के बाद दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट एवं अल मकतूम इंटरनेशनल को बंद कर दिया। दुनियाभर के अधिकांश देशों की एयरलाइनों ने पश्चिमी एशिया में अपनी उड़ानें रद कर दीं।
उड़ान मानचित्रों में दिखाया गया कि ईरान, इराक, कुवैत, इजरायल और बहरीन के ऊपर का एयरस्पेस हमलों के बाद लगभग खाली हो गया। इस बीच इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियों में दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंसे हुए दिख रहे हैं और अव्यवस्था का आलम नजर आया। दुबई एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और एहतियातन यह कदम उठाया गया है।
अथॉरिटी की ओर से कहा गया- ” दुबई इंटरनेशनल और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल – अल मकतूम इंटरनेशनल (डीडब्ल्यूसी) में सभी फ्लाइट ऑपरेशन अनिश्चितकाल के लिए रोक दिए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे इस समय एयरपोर्ट न जाएं और अपनी फ्लाइट्स के बारे में लेटेस्ट अपडेट के लिए सीधे अपनी-अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। हम हालात पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।”
रॉयटर के अनुसार, एमिरेट्स और फ्लाईदुबई ने अस्थायी रूप से विमानों का संचालन रोक दिया, जबकि एतिहाद ने रविवार को 1000 जीएमटी तक अबू धाबी से सभी फ्लाइटें निलंबित कर दीं।
अमेरिकी व इजराली हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उससे जुड़ी जगहों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। मिसाइलों के धमाकों की गूंज अबू धाबी, दुबई, दोहा, रियाद और मनामा समेत कई खाड़ी राजधानियों में सुनाई दी।
दुबई में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने जोरदार धमाके सुने जिससे खिड़कियां हिल गईं, कुछ ने बताया कि मिसाइलें आकाश में तेजी से जाती दिख रही थीं। हमलों में यूएई में अल धफरा एयर बेस, कतर में अल उदीद एयर बेस जैसी जगहों को निशाना बनाया गया, जहां अमेरिकी सेना मौजूद थी।
कुवैत में ईरानी हमले ने अली अल सलेम एयर बेस के एक रनवे को काफी नुकसान पहुंचाया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि दोहा के हमद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गेट लगभग खाली थे क्योंकि फंसे हुए यात्री होटल की व्यवस्था करने के लिए कतार में खड़े थे। जैसे-जैसे क्षेत्र के देशों ने अपना एयरस्पेस बंद किया, विमानों को लार्नाका, जेद्दा, काहिरा और रियाद के चारों ओर मोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।


