ओडिशा के डूंगुरिपाली स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, लाखों की नकदी और विदेशी मुद्रा छोड़कर युवक फरार

2.1kViews
1126 Shares

ओडिशा के सोनपुर जिले स्थित डूंगुरिपाली रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी मुद्रा नोटों के साथ 2.69 लाख रुपए भारतीय नकद जब्त किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब एक संदिग्ध युवक पूछताछ के दौरान अपना बैग छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को स्टेशन परिसर में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक हवलदार की नजर स्टेशन पर अकेले बैठे एक युवक पर पड़ी, जो एक बैग के साथ संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त प्रतीत हो रहा था। युवक के हावभाव और व्यवहार को देखते हुए हवलदार ने उससे पूछताछ की।

पुरी–दुर्ग पैसेंजर ट्रेन का इंतजार

पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह पुरी–दुर्ग पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहा है और झांसी जाने की तैयारी में है। हालांकि, सवाल-जवाब के बीच युवक अचानक बैग वहीं छोड़कर स्टेशन परिसर से भाग निकला। युवक के इस व्यवहार से सुरक्षा एजेंसियों का शक और गहरा गया।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बलांगीर आरपीएफ इकाई और स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे। रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में लावारिस बैग की गहन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान बैग से 2.69 लाख रुपए भारतीय नकद के अलावा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), मलेशिया, चीन और थाईलैंड की कुल 19 विदेशी मुद्रा नोट बरामद किए गए।

फरार युवक की पहचान अभी तक नहीं

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, फरार युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों और रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। जब्त की गई नकदी और विदेशी मुद्रा को सुरक्षित रूप से कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *