सचेंडी के पीएसआइटी कॉलेज में बैकहो लोडर से टकरा कर छात्र की मौत के बाद बुधवार को गुस्साए स्वजन और छात्रों ने कॉलेज परिसर में मुआवजे की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया।इस दौरान तोड़फोड़ भी की गई।
बीते सोमवार को पीएसआइटी कालेज परिसर में बैकहो लोडर से काम हो रहा था।इसी दरम्यान एक कार तेजी से निकली जिसके धूल का गुबार उठा, तभी छुट्टी के बाद दबौली निवासी प्रभाकर के पुत्र 21 वर्षीय बीसीए फाइनल इयर के छात्र प्रखर की बाइक धूल के गुबार वजह से बैकहो लोडर से टकरा गई थी। जिसके बाद साथी छात्रों ने गंभीर रूप से घायल छात्र को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती करा स्वजन को जानकारी दी।
देर रात छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।मंगलवार को पोस्टमार्टम हुआ। घटना के तीसरे दिन बुधवार को छात्र और स्वजन ने कॉलेज परिसर में मुआवजे की मांग करते हुए जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। जस्टिस फॉर प्रखर के नारे भी लगे।
सूचना मिलने के बाद अधिकारियों समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रों ने मुआवजे की मांग करते हुए कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
छात्रों का कहना है कि लगातार छात्रों को परेशान किया जाता है, मंगलवार को दिवंगत छात्र का पोस्टमार्टम हुआ लेकिन कॉलेज परिसर में कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें कई जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया लेकिन एक शोक सभा तक नहीं की गई। अगर कोई छात्र लेट हो जाए तो उसे प्रवेश नहीं दिया जाता। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि छात्रों और स्वजन को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।


