सिंगरौली (मध्य प्रदेश): फरवरी महीने में मौसम ने एक बार फिर अपना रुख बदल लिया है। सिंगरौली जिले में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ली और धूल भरी आंधी के साथ बारिश और ओले गिर रहे है। यह मौसम परिवर्तन पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में देखा गया, जहां आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और ओले गिरे।

IMD ने जारी किया था अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल ने पहले ही सोमवार (23 फरवरी) को आठ पूर्वी जिलों में बारिश, गरज, बिजली और तेज़ हवाओं को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था । इन जिलों में सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, डिंडोरी और बालाघाट शामिल थे । IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, इन क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई थी, जो सटीक बैठा।
क्या है मौसम बदलने की वजह?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और क्षेत्र से गुजर रही एक सक्रिय ट्रफ रेखा के संयुक्त प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिला । रविवार को दक्षिणी जिलों में मौसम ने करवट बदली थी, जबकि सोमवार को पूर्वी हिस्सों में इसका असर देखा गया ।
फरवरी में चौथा दौर
गौरतलब है कि फरवरी महीने में यह बारिश और खराब मौसम का चौथा दौर है । इससे पहले फरवरी की शुरुआत में ओले, बारिश और तेज हवाओं के दो दौर ने प्रदेश को प्रभावित किया था, जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था । सरकार ने उस समय प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण भी कराया था। तीसरा दौर 18 फरवरी को शुरू हुआ और 19, 20 व 21 फरवरी तक चला । अब 23 फरवरी को यह चौथा दौर देखने को मिला है।
तापमान में गिरावट और ओले
बारिश के कारण दिन का तापमान गिर गया है। शनिवार और रविवार की रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा । वहीं सिंगरौली में भी ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपी पैदा कर दी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे।
लोगों को सलाह
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जताई है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं, क्योंकि ओले गिरने से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
सिंगरौली समेत पूर्वी मध्य प्रदेश में फरवरी के महीने में मौसम का बदला मिजाज लोगों को हैरान कर रहा है। धूल भरी आंधी, बारिश और ओले गिरने से न सिर्फ ठंड बढ़ गई है, बल्कि फसलों के नुकसान की भी आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग की चेतावनी और अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।


