दनियावां से हुलासगंज तक जाने वाले अत्यंत व्यस्त दनियावां–हिलसा–एकंगरसराय–हुलासगंज मार्ग के चौड़ीकरण की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।
बिहार विधानसभा के द्वितीय सत्र में विधायक रुहेल रंजन द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के जवाब में पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि उक्त मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है।
विभागीय उत्तर के अनुसार यह मार्ग चेनज 0.00 किमी से 44.155 किमी तक (कुल लंबाई 44.155 किमी) अत्यधिक संकीर्ण होने और भारी यातायात दबाव के कारण लगातार जाम व दुर्घटनाओं का केंद्र बना रहता है।
इसे ध्यान में रखते हुए सड़क के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के लिए 330 करोड़ 89 लाख 40 हजार रुपये की लागत का प्राक्कलन तैयार किया गया है।
दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
पथ निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि संसाधनों की उपलब्धता और प्राथमिकता के आधार पर परियोजना पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। योजना लागू होने के बाद इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर यातायात सुगम होने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के चौड़ीकरण से दनियावां, हिलसा, एकंगरसराय और हुलासगंज सहित आसपास के कई गांवों को राहत मिलेगी तथा आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी।
व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यह मार्ग जीवनरेखा की तरह है, इसलिए लोग लंबे समय से इसके चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। अब सरकार की ओर से योजना बनने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस महत्वपूर्ण सड़क का कायाकल्प होगा।


