जेल में बंद पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सेहत ठीक नहीं है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि सुनील गावस्कर, कपिल देव, ग्रेग चैपल और क्लाइव लॉयड समेत कई पूर्व इंटरनेशनल क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से मिलकर अपील की है। इन लोगों ने इमरान के साथ ‘सही बर्ताव’ करने की अपील की।
एक तरफ जहां इंटरनेशनल लेवल पर लोग इमरान के सपोर्ट में आवाज उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी बहनों ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और देश के गृह मंत्री मोहसिन नकवी उन्हें धमका रहे हैं।
इमरान खान को मारने की रची जा रही साजिश’
इमरान खान की बहन डॉ. उजमा खान और अलीमा खान ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर और मोहसिन नकवी उनके भाई को मारने की साजिश रच रहे हैं। बहनों ने कहा कि हाल ही में जब इमरान खान से मुलाकात हुई थी तो उन्होंने इस साजिश के बारे में बताया था।
उजमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने भाई के साथ हुई बातचीत के बारे में बताते हुए कहा, “इमरान ने कहा था कि ये लोग मुझे मार डालेंगे। मुझे मारने का प्लान बनाया है।” अलीमा खान ने अपने भाई की आंख की बिगड़ती हालत को लेकर भी चिंता जताई और दावा किया कि उन्हें उनकी भरोसेमंद मेडिकल टीम से मिलने नहीं दिया जा रहा है।
‘मोहसिन नकवी हमें धमका रहे हैं’
अलीमा ने कहा, “मोहसिन नकवी हमें धमका रहे हैं। उनके मुंह को खून लग चुका है। अगर इमरान खान या हमें कुछ हुआ तो मेरी बात याद रखना, हम किसी की आने वाली पीढ़ियों को भी नहीं छोड़ेंगे।”


