प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मुंबई में एक कार में साथ सफर किया। दोनों नेता भारत-फ्रांस इनोवेशन फोरम के लिए जा रहे थे। मैक्रों ने इस कार राइड की एक तस्वीर शेयर की और कैप्शन में लिखा , ‘Jai Ho’। यह छोटा-सा पल दोनों देशों के गहरे और दोस्ताना रिश्ते की झलक दिखा रहा था।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि लोक भवन में द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत और प्रेस बयान के बाद अब दोनों नेता आगे के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने जा रहे हैं। इनोवेशन फोरम इनमें से एक प्रमुख कार्यक्रम था।
विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का ऐलान
भारत और फ्रांस ने अपने रिश्तों को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिया। दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने का वादा किया। दोनों नेताओं ने कहा कि बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता के दौर में भारत-फ्रांस की साझेदारी वैश्विक स्थिरता की ताकत बनी हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया बयान में कहा, “दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऐसे माहौल में भारत-फ्रांस साझेदारी वैश्विक स्थिरता की ताकत है। हम फ्रांस की विशेषज्ञता और भारत के स्केल को जोड़ रहे हैं।”
रक्षा, हाई-टेक और रिन्यूएबल एनर्जी में बड़े समझौते
बातचीत के बाद भारत और फ्रांस ने कुल 21 समझौतों और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इनमें रक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स, हाई टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र शामिल हैं। एक प्रमुख रक्षा समझौते के तहत भारत में हैमर मिसाइल बनाने के लिए भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और फ्रांसीसी कंपनी Safran के बीच जॉइंट वेंचर हुआ।
इसके अलावा भारतीय सेना और फ्रांसीसी लैंड फोर्सेज के बीच अधिकारियों के आपसी तबादले का प्रावधान भी किया गया। ये कदम दोनों देशों की सेनाओं के बीच और मजबूत सहयोग का रास्ता खोलेंगे।


