रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, प्रयागराज एक्सप्रेस 18 फरवरी से जंक्शन से चलेगी, अब सूबेदारगंज स्टेशन नहीं जाना होगा

2.8kViews
1426 Shares

 संगम नगरी के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले 47 दिनों से जंक्शन की ‘शान’ कही जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस (12417/12418) माघ मेले के कारण सूबेदारगंज स्टेशन से संचालित हो रही थी, अब एक बार फिर प्रयागराज जंक्शन पर लौट रही है। यानी प्रयागराज जंक्शन से चलेगी और यहां तक आएगी। 18 फरवरी से यात्री इस वीआइपी ट्रेन को पकड़ने के लिए जंक्शन का रुख करेंगे। इससे पिछले डेढ़ महीने से जारी यात्रियों की आपाधापी और अतिरिक्त मशक्कत से छुटकारा मिलेगा।

17 फरवरी तक सूबेदारगंज स्टेशन से संचालन

विदित हो कि माघ मेले के दौरान जंक्शन पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने दो जनवरी से 17 फरवरी तक इस ट्रेन को सूबेदारगंज स्टेशन शिफ्ट कर दिया था। इस बदलाव के कारण शहर के मुख्य हिस्सों में रहने वाले यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सूबेदारगंज तक पहुँचने के लिए न केवल ऑटो और टैक्सी का अतिरिक्त किराया जेब पर भारी पड़ रहा था, बल्कि समय की बर्बादी भी यात्रियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच रही थी। अब मेला संपन्न होने की ओर है, तो रेलवे ने इस ट्रेन को पुनः जंक्शन से चलाने का निर्णय लेकर शहरवासियों को बड़ा उपहार दिया है।

यात्रियों की मिलेगी राहत

जंक्शन पर ट्रेन की वापसी की खबर मिलते ही नियमित यात्रियों के चेहरे खिल उठे हैं। सिविल लाइंस निवासी और दिल्ली में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर आलोक मिश्रा कहते हैं कि सूबेदारगंज स्टेशन शहर से थोड़ा कटकर होने की वजह से वहां तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं था। अब जंक्शन से ट्रेन चलने से न केवल समय बचेगा, बल्कि घर के पास से सुकून की सवारी भी मिल सकेगी। वहीं, अक्सर दिल्ली की यात्रा करने वाली छात्रा प्रिया सिंह का कहना है कि रात के समय सूबेदारगंज से घर के लिए सुरक्षित साधन ढूंढना मुश्किल होता था, लेकिन अब जंक्शन पर उतरकर सीधा ई-रिक्शा या ऑटो आसानी से मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *