मंडी शिवरात्रि: पीएम मोदी को गंगा आरती करवाने वाले पंडित युगल शर्मा करेंगे ब्यास आरती, पंचवक्त्र महादेव मंदिर में खास तैयारी

2.0kViews
1508 Shares

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की पूर्व संध्या पर रविवार को होने वाली ब्यास आरती वाराणसी के पंडित युगल शर्मा और उनकी टीम करवाएगी। युगल शर्मा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दो बार वाराणसी में गंगा आरती करवा चुके हैं। शिमला के शोघी के रहने वाले युगल शर्मा वाराणसी में धर्मशास्त्र पर पीएचडी कर रहे हैं। रविवार को अपने सहयोगी नारायण मिश्रा, सत्यन शर्मा, हेमंत जोशी, ललित शर्मा के साथ ब्यास आरती करेंगे।

मंडी शिवरात्रि में दूसरी बार होगी आरती

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में दूसरी बार ब्यास आरती होने जा रही है। पंचवक्त्र महादेव मंदिर के ठीक समक्ष इस बार आरती होगी। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। पंचवक्त्र मंदिर में विशेष लाइट लगाई गई हैं।

हजारों दीप जलाएंगे

वहीं मंच के आगे विशेष व्यवस्था रहेगी, यहां बोट भी उपलब्ध रहेगी तथा लोग हजारों दीप भी जलाएंगे। पंडित युगल शर्मा शाम को साढ़े छह बजे इस ब्यास आरती को करवाएंगे। उन्होंने बताया कि जब जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने वह वाराणसी में गंगा आरती के लिए आए थे, उसी दौरान उनको गंगा आरती करवाई थी।

एक घंटे तक चलेगी ब्यास आरती

पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समक्ष होने वाली ब्यास आरती करीब एक घंटे तक चलेगी। साढ़े छह बजे आरंभ होने वाली आरती में सबसे पहले 15 से 20 मिनट तक ब्यास पूजन होगा। इसके बाद ब्यास आरती आरंभ होगी जो 35 से 40 मिनट की होती है। इस दौरान हजारों दीप भी ब्यास नदी में छोड़े जाएंगे। पुलिस बल और बोट भी ब्यास नदी में तैनात रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *