निजीकरण रोकने और पुरानी पेंशन योजना बहाली को लेकर विद्युत कर्मियों का जिलों में प्रदर्शन

1427 Shares

उत्तर प्रदेश में बिजली कंपनियों के निजीकरण को रोकने और पुरानी पेंशन योजना बहाली के साथ कई मांगो को लेकर विद्युत कर्मियों ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के जिलों में प्रदर्शन किया। लखनऊ में विद्युत विभाग के मुख्यालय शक्ति भवन का घेराव किया गया, जिसके कारण शक्ति भवन के सामने जाम भी लगा।

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर लखनऊ के सभी कार्यालयों के बिजली कर्मचारी, संविदा कर्मी, जूनियर इंजीनियर और अभियंता शक्ति भवन मुख्यालय पहुंचे। ऊर्जा निगमों के निजीकरण व उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस लेने, संविदा कर्मियों की छटनी बंद कर उन्हें नियमित करने और पुराने पेंशन बहाली को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। शक्ति भवन पर बिजली कर्मियों के साथ बड़ी संख्या में किसान भी सम्मिलित हुए। क्रांतिकारी किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

आगरा में सभी सरकारी बैंक और एलआइसी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। बिजली कर्मचारी काम कर रहे हैं। अमरोहा में बिजलीकर्मी सांकेतिक हड़ताल पर हैं और दोपहर बाद प्रदर्शन किया। फर्रुखाबाद में इलेक्ट्रिसिटी बिल और निजीकरण के विरोध में प्रांतीय कमेटी के आह्रान पर भी विद्युत विभाग संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने दोपहर बाद प्रदर्शन किया। संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष एसडीओ रवि पांडेय ने बताया कि भोलेपुर के विद्युत कार्यालय में प्रदर्शन किया।

रामपुर में बिजली कर्मचारी व अन्य किसी संगठन आफिस में सामान्य रूप से कार्य रहे थे। राज्य कर्मचारी संयुक्त कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष राम बाबू शर्मा ने भी हड़ताल व पुरानी पेंशन को लेकर आज कोई निर्धारित कार्यक्रम नहीं होने की जानकारी दी है। संभल जिले में बिजली कर्मियों ने रोज की तरह कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *