बेगूसराय का अजूबा कॉलेज, 8 कमरों में 20 हजार छात्र-छात्राओं की हो रही पढ़ाई; विधानसभा में उठा मुद्दा
बेगूसराय के विश्वनाथ सिंह शर्मा कॉलेज इस मामले में अजूबा है कि इसके आठ कमरे में करीब 20 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विधानसभा में मंगलवार को भाजपा के कुंदन कुमार ने तारांकित प्रश्न के जरिए यह मुद्दा उठाया। उन्होंने पूरक के माध्यम से एक और जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में कमरों की कुल संख्या 13 हैं। इनमें से पांच को कक्षा संचालन के अयोग्य करार दिया गया है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने आश्वासन दिया कि सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। विधायक अपना सुझाव उस समिति को दे सकते हैं।
भाजपा के देवेशकांत सिंह के एक तारांकित पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार डिग्री कॉलेज रहित प्रखंडों में कॉलेज खोलने जा रही है। इसमें स्थानीय विधायकों की राय ली जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने जदयू के अरुण मांझी को बताया कि संपतचक नगर परिषद के वार्ड संख्या 14 में अवस्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भोगीपुर में सरकार नए भवन का निर्माण कराएगी। राजद की अनिता के प्रश्न पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वारिसलगंज स्थित डिग्री कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करने के लिए जरूरी प्रक्रिया जल्द प्रारंभ होगी।
मुख्यालय की टीम जांच करेगी
शिक्षा मंत्री ने भाजपा के वैद्यनाथ प्रसाद के एक अल्पसूचित के उत्तर में कहा कि शिक्षा विभाग मुख्यालय से टीम भेज कर जांच कराएगा कि स्कूलों की साफ सफाई के लिए अनुबंधित एजेंसियां ठीक से काम कर रही हैं या नहीं।
प्रसाद का कहना था कि सीतामढ़ी जिले के रीगा, सुप्पी एवं बैरगिनिया प्रखंडों के विद्यालयों में साफ-सफाई के लिए तैनात एजेंसियां काम नहीं करती हैं। उन्होंने गंदगी से जुडे कई फोटोग्राफ जिला शिक्षा पदाधिकारी को उपलब्ध कराया।


