रील बनाने का खतरनाक शौक: 80 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, बड़ा हादसा टला
क्षेत्र में स्थापित पानी की टंकियां अब युवाओं के लिए सेल्फी और वीडियो रील बनाने का अड्डा बनती जा रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रिय होने की होड़ में कुछ युवक खुद को हीरो समझकर अपनी जान को खतरे में डाल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्राम पंचायत मुहम्मदपुर से सामने आया है।
यहां जल जीवन मिशन के तहत निर्मित करीब 70 से 80 फुट ऊंची पानी की टंकी पर एक युवक रील वीडियो बनाने और सेल्फी लेने के उद्देश्य से चढ़ गया। युवक की इस हरकत को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
हो सकता था बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि उसकी यह लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी। टंकी की ऊंचाई काफी अधिक होने के कारण जरा सी चूक से युवक नीचे गिर सकता था, जिससे उसकी जान भी जा सकती थी। ग्रामीणों ने इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।


