सेक्टर 11 स्थित प्राचीन भूतेश्वर मंदिर के पास चिकन बिरयानी की दुकान खोलने को लेकर विवाद हो गया। बजरंग दल समेत अन्य हिंदू संगठनों व मंदिर के पुजारी ने पुलिस प्रशासन ने इस दुकान को बंद कराने की मांग की है। हिंदू संगठनों ने इसकी लिखित शिकायत पर शिवाजी नगर थाने में दी।
बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक विरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चिकन बिरयानी की दुकान भूतेश्वर मंदिर परिसर के पास में ही स्थित है और मंगलवार को भी खुली रहती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को बजरंग दल व हिंदू संगठन के लोग मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करने जाते हैं।
दुकान के पास अतिक्रमण का भी आरोप
मंदिर के पास इस तरह की दुकान होने से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। बताया कि यह दुकान मंदिर से महज 50 मीटर की दूरी पर है। साथ ही दुकान के बाहर अतिक्रमण भी है।
इससे भी लोगों को परेशानी हो रही है। कहा कि ऐसी दुकानें धार्मिक स्थलों के आसपास नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दुकान को बंद कराने की मांग की है।
शिवाजी नगर थाना पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। देखा जाएगा कि दुकान की लोकेशन, लाइसेंस की वैधता और धार्मिक स्थल से दूरी के नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


