हरियाणा पुलिस की बड़ी सफलता, नए साल में अपराध दर में भारी गिरावट; दुष्कर्म में 54 प्रतिशत की कमी

1141 Shares

 हरियाणा में नए साल में अपराध दर में 8.24 प्रतिशत की कमी आई है। जनवरी में दुष्कर्म में 54.55 प्रतिशत, एससी-एसटी मामलों में 32.91 और डकैती में 77 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि पिछले साल जनवरी में कुल 10 हजार 115 मामले दर्ज हुए थे, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 9,492 रह गई।

पिछले साल जनवरी में दुष्कर्म के 99 मामले दर्ज हुए थे, जो इस बार घटकर 45 रह गए हैं। दुष्कर्म के प्रयास के मामलों में 14.29 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है। सेंधमारी में 31 प्रतिशत, चोरी में 23 प्रतिशत तथा स्नैचिंग की घटनाओं में 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

इसी प्रकार हिंसक अपराधों में भी उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। गंभीर चोट के मामलों में 45 प्रतिशत, हत्या के प्रयास में 29 प्रतिशत तथा हत्या के मामलों में 15 प्रतिशत की कमी शामिल है।

संगठित अपराध, गैंगस्टर्स और नशा तस्करों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए डीजीपी ने बताया कि जनवरी में पुलिस द्वारा 17 मुठभेड़ की गईं, जिनमें 26 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें नौ इनामी बदमाश शामिल हैं।

इस अवधि में कुल 9561 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 810 जघन्य अपराधी, 450 उद्घोषित अपराधी तथा 49 इनामी बदमाश शामिल हैं। आर्म्स एक्ट के तहत 191 मामले दर्ज कर 293 गिरफ्तारियां की गईं, जिनसे 237 अवैध हथियार, 512 कारतूस तथा 20 मैगजीन बरामद हुए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत 395 मामले दर्ज कर 707 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए। गैंगस्टर्स के खिलाफ 13 एलओसी अर्थात लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया तथा 162 हाई-प्रोफाइल अपराधियों का डेटा अंतर-राज्यीय एजेंसियों के साथ साझा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *