उत्तराखंड में ‘परीक्षा पे चर्चा’ के लिए रिकॉर्ड पंजीकरण, कक्षा 6 से ऊपर के छात्रों के लिए देखना अनिवार्य
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संवाद कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ के लिए उत्तराखंड में रिकार्ड पंजीकरण हुआ है। प्रदेशभर से 8 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। राज्य सरकार ने कक्षा 6 से ऊपर के सभी विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम देखना अनिवार्य कर दिया है।
यह कार्यक्रम 6 फरवरी को सुबह 10 बजे देशभर में एक साथ लाइव प्रसारित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक जिले में एक प्रमुख सार्वजनिक स्थान पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी, जबकि राजधानी दून में 5 से 6 स्थानों पर सामूहिक प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक छात्र, शिक्षक और अभिभावक कार्यक्रम से जुड़ सकें।
कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन, पीएम ई-विद्या टीवी, यूट्यूब, फेसबुक लाइव सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर किया जाएगा। इसके अलावा रेडियो चैनलों और ओटीटी प्लेटफार्म पर भी कार्यक्रम उपलब्ध रहेगा। दूरदराज के क्षेत्रों में, जहां टीवी या इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां रेडियो या ट्रांजिस्टर के माध्यम से छात्रों को कार्यक्रम सुनाने की व्यवस्था की जाएगी।
सभी विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि जिन स्थानों पर टीवी, बिजली या इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी छात्र प्रधानमंत्री के संवाद से वंचित न रहे कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए समग्र शिक्षा के तहत उपलब्ध धनराशि का उपयोग किया जा सकेगा।


