पलवल क्राइम ब्रांच ने कैब चालक लूट का किया पर्दापाश, अवैध हथियारों के साथ तीन युवक गिरफ्तार

1888 Shares

क्राइम ब्रांच पलवल ने मुस्तैदी दिखाते हुए कैब चालक से हथियार दिखाकर हुई लूट का महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। आरोपितों की पहचान जिले के सैलोटी गांव के रहने वाले विकास उर्फ विक्की, अच्छेजा के रहने वाले ध्रुव और बड़ौली के रहने वाले मोहित के रूप में हुई है।

तीनों आरोपित 12वीं पास हैं और दुकानों पर काम करते थे। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि उन्होंने जल्द पैसे कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और लूटी गई कार बरामद कर ली है।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि वारदात 31 जनवरी और एक फरवरी की मध्यरात्रि की है। मूलरूप से बिहार का रहने वाला पीड़ित चालक संजेश कुमार गुरुग्राम के मानेसर से पलवल के लिए तीन युवकों को अपनी कार में लेकर चला था। यह बुकिंग रैपिडो एप के माध्यम से की गई थी। जैसे ही कार गुरुग्राम-सोहना मार्ग से पलवल पहुंची, बदमाशों ने चालक को डरा-धमकाकर सुनसान रास्ते पर ले जाने को मजबूर किया।

वहां आरोपितों ने पीड़ित पर हथियार तान दिया और मारपीट शुरू कर दी। शहर के पप्पन प्लाज़ा के समीप बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर चालक से डिजिटल माध्यम के जरिए 7,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए और उसके दो मोबाइल व कार छीनकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर दो जनवरी को शहर थाना में मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की जांच क्राइम ब्रांच पलवल की टीम को सौंपी गई।

वारदात के कुछ ही घंटों के अंदर क्राइम ब्रांच पलवल प्रभारी रविन्द्र कुमार की टीम ने तकनीकी जांच और तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित विकास को गुरुग्राम से और बाकी दो साथियों ध्रुव व रोहित को रसूलपुर रोड से गिरफ्तार किया है।

वहीं, जांच अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि लूटे गए फोन और नकदी बरामद की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *