दो किलो चांदी की ईंट के साथ व्यापारी को मेरठ के रैपिड स्टेशन पर पकड़ा

2.0kViews
1391 Shares

 बिना बिल के करीब दो किलो चांदी की ईंट मोदीनगर ले जा रहे व्यापारी भास्कर अग्रवाल को मेरठ साऊथ रैपिड स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों ने देर शाम पकड़ लिया। पुलिस ने राज्यकर विभाग के अधिकारी को फोन करके सचल दस्ते की टीम को मौके पर बुलवाया। टीम ने ईंट का वजन कर व्यापारी से 42 हजार रुपये का जुर्माना वसूल कर उसे छोड़ दिया।

मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि देर शाम मेरठ साउथ स्टेशन से व्यापारी भास्कर अग्रवाल ने फोन करके बताया कि यहां पुलिस व जीएसटी की टीम ने उनकी चांदी की ईंट पकड़ ली है, जिसका वजन करीब दो किलो है।

मौके पर मौजूद सचल दस्ते की प्रभारी सईदा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि मंगलवार को लिखापढ़ी करने के बाद यह माल छोड़ा जाएगा। विजय आनंद ने बताया कि उनके द्वारा इस बाबत अपर आयुक्त ग्रेड-2 (एसआइबी) सुशील कुमार सिंह से बातचीत की। उन्हेंं बताया कि अमुक व्यापारी ने मेरठ के शिव ज्वैलर्स से चांदी ली है।

सोमवार को बाजार बंद होने के कारण पक्का बिल नही कट पाया। हालांकि भुगतान चेक के माध्यम से हुआ। अपर आयुक्त ने सचल दस्ते की प्रभारी को नियमानुसार दोगुणा जुर्माना लेकर माल छोड़ने के लिए कहा। चांदी की ईंट की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई। चांदी पर तीन प्रतिशत जीएसटी देय है।

दोगुणा जीएसटी 42 हजार रुपये मौके पर वसूल की गई। उसके बाद चांदी की ईंट व्यापारी को सौंप दी गई। अपर आयुक्त ग्रेड सुशील कुमार सिंंह ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि जुर्माना लेकर माल छोड़ दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *