शिवरात्रि के बाद काशी आ सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी, 1000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिवरात्रि के बाद काशी के संभावित दौरे पर आ सकते हैं। इस प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों से उन विकास योजनाओं और परियोजनाओं की सूची मांगी गई है, जिनका शिलान्यास या लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथों कराया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, इस दौरे के दौरान काशी को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। तैयार की गई सूची में सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज, सोलर पार्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नई सड़कों का निर्माण, फ्लाईओवर तथा ग्रामीण और शहरी कनेक्टिविटी से जुड़ी कई अहम योजनाएं शामिल हैं।
प्रशासनिक स्तर पर इन परियोजनाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान अधिकतम विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया जा सके।


