खड़े ट्रक में टकराया कोयला लदा Truck, हादसे में होमगार्ड की मौत, चालक समेत दो घायल

2.0kViews
1158 Shares

बहाई गांव के पास रविवार की सुबह घने कोहरे के बीच एक ट्रक सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक से पीछे से जा टकराया। हादसे में ट्रक सवार खीरों निवासी होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डलमऊ से लालगंज की ओर आ रहे एक मौरंग लदे ट्रक का टायर बहाई गांव के पास पंचर हो गया था, जिसके चलते ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। वहीं प्रतापगढ़ जनपद के ग्राम कनस्ता विश्वनाथगंज देहूपुर निवासी चालक फैसल अख्तर व मझुवारा जसवारा निवासी परिचालक अनस ट्रक पर बिहार से कोयला लादकर आ रहे थे। उनके साथ खीरों के प्रसाद खेड़़ा मजरे सगुनी निवासी होमगार्ड रामनाथ भी थे।

मौरंग लदे ट्रक में पीछे से टकराया

बहाई गांव के पास कोहरा अधिक होने के कारण फैसल का मौरंग लदे ट्रक में पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि इनके ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे फैसल, अनस व रामनाथ घायल हो गए। ट्रक क्षतिग्रस्त होने के चलते फैसल का पैर उसमें फंस गया। ये देख आस पास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

पुलिस व स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि फैसल का बांया पैर कट जाने के कारण गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल प्रमोद सिंह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। ट्रकों को सड़क किनारे करा दिया गया, जिससे आवागमन बाधित न होने पाए। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

ड्यूटी से लौट रहे थे रामनाथ, साथी कर्मियों ने जताया शोक

रामनाथ यादव होमगार्ड के पद पर खीरों में तैनात थे। परिवारजन के अनुसार वर्तमान में उनकी ड्यूटी कोतवाली नगर में लगी थी, जिसके कारण वह प्रतिदिन रायबरेली आते-जाते थे। रविवार की सुबह रामनाथ के घायल होने की सूचना पर परिवारजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें उनकी मौत की जानकारी मिली। जानकारी होने पर परिवारजन में कोहराम मच गया। मृतक दो पुत्र लवकुश व अंशू एवं दो पुत्रियों सुधा व ज्योति का पिता था। पति के शव को देख कांती बेसुध हो गईं।

उनका कहना था कि प्रतिदिन रामनाथ बस या ट्रेन से आते-जाते थे, आज वह ट्रक में कैसे बैठ गए, पता नहीं। परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अस्पताल पहुंचे कुछ कर्मचारियों के बीच चर्चा रही कि शनिवार को रामनाथ को ड्यूटी के लिए डलमऊ भेजा गया था। साथी की मौत पर लालगंज कोतवाली में तैनात होमगार्ड मुख्तार अहमद, सर्वेश यादव, अनिल यादव, मनोज कुमार आदि ने शोक जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *