गोरखपुर–सोनौली मार्ग पर जंगल कौड़िया के जीरो पाइंट पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनचक निवासी 18 वर्षीय प्रतिमा पुत्री संजय पासवान और पीपीगंज थाना क्षेत्र के तुर्कवलिया निवासी 35 वर्षीय श्रीकांत पुत्र प्रहलाद के रूप में हुई है। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा जीरो पाइंट पर एक मोरंग-बालू लदा ट्रालर सड़क किनारे खड़ा था और उसके बगल से एक अन्य ट्रालर गुजर रहा था। इसी दौरान कालेसर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक खाली ट्रालर ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो दोनों ट्रालरों के बीच फंसकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


