डेहरी नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड सब्जी मंडी के पास रविवार को एक बंद ट्रॉली बैग में लगभग 15 वर्षीय अज्ञात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ बच्चे कूड़ा-कचरा चुन रहे थे। इसी दौरान एक लाल रंग की ट्रॉली बैग से कचरा चुनते समय उन्हें शव होने का आभास हुआ। बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डेहरी थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी, अंचल इंस्पेक्टर रवि भूषण और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर देखते ही देखते हजारों की संख्या में भीड़ जमा हो गई।
एफएसएल टीम के प्रभात कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रॉली बैग को चारों तरफ से पर्दा कर वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए बैग खोला। बैग खोलने पर उसमें लगभग 15 वर्षीय बच्ची का नग्न शव बरामद हुआ।
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और बच्ची की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


