बागपत रोड मैफेयर प्लाजा में स्थानांतरित हुआ आधार सेवा केंद्र, सातों दिन रहेगा खुला
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का अधिकृत आधार सेवा केंद्र अब शहर के बागपत रोड स्थित मैफेयर प्लाजा में संचालित होगा। इससे पहले यह केंद्र फुटबॉल चौक पर था। शहर का एकमात्र यह आधार सेवा केंद्र अब रविवार समेत सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा।
ऑपरेशनल हेड नीरज ने बताया कि सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आधार से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी। आवेदकों को “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर अपॉइंटमेंट दिया जाएगा। फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
पांच से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए बायोमैट्रिक अपडेट निशुल्क किया जा रहा है। वहीं नया आधार कार्ड बनवाने पर भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। दिव्यांगजन, गर्भवती महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर सेवा दी जाएगी।
केंद्र में आठ मशीनें संचालित की जा रही हैं, जिनकी मदद से प्रतिदिन लगभग 400 आधार कार्ड बनाए जाते हैं। UIDAI का यह कदम नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाओं तक आसान और त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।


