गन्नौर की काजल की शादी के 15 दिन बाद टूटा परिवार का सपना
सोनीपत जिले के गन्नौर के बड़ी गांव निवासी राकेश ने राजमिस्त्री का काम कर दिन-रात मेहनत की और अपने तीनों बच्चों को पढ़ाया-लिखाया। उनकी मेहनत का फल था कि बेटी काजल ने वर्ष 2022 में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
पढ़ाई के दौरान ही काजल की मुलाकात गन्नौर के अंकुर से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने अपने-अपने परिवार को मनाकर वर्ष 2023 में शादी कर ली। शादी से पहले ही काजल का चयन दिल्ली पुलिस की कमांडो यूनिट में हो गया था, जबकि अंकुर भी रक्षा मंत्रालय में क्लर्क पद पर नियुक्त हुआ।
परिवार को लगा कि बेटी का भविष्य सुरक्षित हाथों में है और उसका जीवन उज्ज्वल होगा। लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही काजल की जिंदगी में अंधेरा छा गया और राकेश का परिवार गहरे दुख में डूब गया।


