दिल्ली के शाहबाद डेयरी स्थित सरकारी ‘लाल स्कूल’ को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने सोमवार को स्कूल का दौरा कर पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा।
मंत्री ने मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि परिस्थितियां ऐसी बनीं कि हजारों छात्रों को दूसरे स्कूलों में स्थानांतरित करना पड़ा। उनके अनुसार, जुलाई में करीब 5,000 विद्यार्थियों को रोहिणी के एक अन्य स्कूल में शिफ्ट किया गया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों का स्थानांतरण अभिभावकों और छात्रों दोनों के लिए परेशानी का कारण बना है।
सूद ने यह भी बताया कि स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्राज कई बार इस स्थल का दौरा कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।


